Friday, September 4, 2026

उत्तराखंड में 4-5 मई को ऑरेंज अलर्ट: एसईओसी ने जारी किए निर्देश, सतर्क रहने की अपील

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में संभावित खराब मौसम को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जनपदों को अलर्ट जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को सतर्क रहने और पूरी तैयारी बनाए रखने को कहा गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 4 और 5 मई 2026 को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां मौसम के और ज्यादा खराब रहने के आसार हैं।

6 मई तक राज्य के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट लागू रहेगा, जिसमें गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय इलाकों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर नजर रखने और राहत-बचाव दलों को तैयार रखने को कहा गया है।

साथ ही सीमावर्ती सड़क संगठन, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बंद होने की स्थिति में तुरंत मार्ग बहाल किया जाए। अधिकारियों को संचार माध्यम सक्रिय रखने और जमीनी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.