Friday, September 4, 2026

अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर बी ह्यूमन फाउंडेशन क्लब ने रक्तदान शिविर का किया आयोजन

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर बी ह्यूमन फाउंडेशन क्लब द्वारा अपनी गौरवशाली परंपरा को जारी रखते हुए 12वें विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। गूलरभोज रोड स्थित पंच मंदिर परिसर में आयोजित यह शिविर रुद्रपुर चैरिटेबल ट्रस्ट के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर में नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

 

इस पुनीत कार्य में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शहीद दिवस पर वीर बलिदानियों को नमन करने का इससे बेहतर तरीका नहीं हो सकता कि हम किसी का जीवन बचाने के लिए रक्तदान करें। समाज में थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की एक-एक बूंद अनमोल है। रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रक्त कोष की उपलब्धता एक चुनौती है, ऐसे में बी ह्यूमन फाउंडेशन क्लब और अन्य सहयोगी संस्थाओं का यह प्रयास सराहनीय है। रक्तदान न केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर इस मुहिम का हिस्सा बनें।

 

क्लब के अध्यक्ष गौरव अरोड़ा और सचिन तनेजा ने बताया कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष शहीद दिवस पर इस शिविर का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष शिविर का 12वां संस्करण था, जिसका मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया से ग्रसित मरीजों की सहायता करना है, जिन्हें नियमित अंतराल पर रक्त की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग प्रेरित होकर स्वेच्छा से आगे आ रहे हैं।

 

इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने भी विचार रखते हुए समाज सेवा के इस प्रकल्प की सराहना की। कार्यक्रम में रविंद्र शर्मा, अमित अदलखा, सनी अदलखा, लकी चिलाना, अनमोल विर्क, अमित अरोड़ा, राजू चौधरी और नरेंद्र बंसल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और शहर के संभ्रांत व्यक्ति उपस्थित रहे। शिविर के अंत में संस्था ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और समाज से श्रक्तदान करें, जीवन बचाएंश् के संकल्प को दोहराने की अपील की।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.