भोंपूराम खबरी,जसपुर । नगर से करीब पांच किलोमीटर दूर एक गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेत में चारा लेने गई एक वृद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका का शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ है। हत्या के पीछे लूट की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि मृतका के कानों से सोने के कुंडल नोच लिए गए थे।
घटना ग्राम मुरलीवाला की है, जहां 65 वर्षीय ओमवती देवी, पत्नी स्व. राजेंद्र सिंह, रोजाना की तरह बुधवार को तालबपुर रोड स्थित अपने खेत में चारा लेने गई थीं। लेकिन जब वह शाम तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। उनके बेटे ललित सिंह ने आसपास तलाश शुरू की और खेत की ओर गया, जहां मां का शव देखकर उसके होश उड़ गए। गन्ने के खेत में पड़ा शव देखकर वह जोर.जोर से चिल्लाया, जिससे आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। मृतका के गले में साड़ी लिपटी हुई थी और मुंह खुला हुआ था, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने का संदेह है। वहीं कानों से कुंडल भी गायब मिले, जिससे यह भी आशंका है कि हत्या से पूर्व लूट की गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर सीओ दीपक सिंह, कोतवाल राजेंद्र सिंह डांगी, और स्थानीय विधायक आदेश चौहान भी पहुंचे। विधायक ने मृतका के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कोतवाल डांगी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी, लेकिन लूट के उद्देश्य से हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वृद्धा की हत्या को गंभीरता से लेते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास के गन्ने के खेतों और घटनास्थल के आस.पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।




