Friday, September 4, 2026

रुहेलखंड विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद में नई नियुक्तियां, पंतनगर के डॉ. अजीत सिंह नैन को मिली जिम्मेदारी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी, रूद्रपुर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति के निर्देश पर महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली की कार्यपरिषद में रिक्त सामान्य सदस्य पदों पर तीन व्यक्तियों को नामित किया गया है। यह नियुक्तियां उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-20 के तहत की गई हैं।

जारी पत्र के अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षा शास्त्र विभाग के प्रोफेसर रजनी रंजन सिंह, बरेली के उद्योगपति घनश्याम खंडेलवाल तथा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के पूर्व निदेशक शोध डॉ. अजीत सिंह नैन को कार्यपरिषद का सामान्य सदस्य नियुक्त किया गया है।

इनमें डॉ. अजीत सिंह नैन का नाम विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि वे उत्तराखंड के पंतनगर क्षेत्र से जुड़े एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् और शोधकर्ता रहे हैं। उनके अनुभव से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नामांकन पत्र जारी होने की तिथि से दो वर्ष अथवा अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

राजभवन, लखनऊ से जारी इस आदेश की प्रति संबंधित सभी नामित सदस्यों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव को निर्देशित किया गया है कि वे नामित सदस्यों को इसकी सूचना सुनिश्चित करें।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.