Saturday, September 5, 2026

कल्याणी नदी की सफाई के लिए शुरू हुआ नगर निगम का महा अभियान

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। कल्याणी नदी की सफाई के लिए नगर निगम ने महा अभियान शुरू कर दिया है। सफाई के लिए दो पोकलैण्ड मशीनों के साथ ही कई जेसीबीसी और अन्य वाहन लगाये गये हैं। अगले करीब बीस दिनों तक अटरिया रोड से लेकर किच्छा रोड तक कल्याणी नदी की तली झाड़ सफाई कराई जायेगी।

शनिवार को महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने कल्याणी नदी की सफाई का काम शुरू करवाया। उन्होंने चलाये जा रहे अभियान का मौके पर जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये। इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने बताया कि कल्याणी नदी को मूल स्वरूप में वापस लाने के लिए पेयजल निगम के माध्यम से 350 करोड़ का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा गया है, फिलहाल आने वाले मानसून को देखते हुए कल्याणी नदी की सफाई के लिए नगर निगम ने महा अभियान शुरू किया गया है। इसमें एक पोकलैण्ड मशीन अटरिया मोड़ से सफाई के लिए लगायी गयी है जबकि दूसरी पोकलैण्ड मशीन किच्छा रोड से काम कर रही है। इसके साथ ही कई जेसीबी मशीन और डंपरों को लगाया गया है। कल्याणी में जो भी गंदगी जमा है उसे अगले कुछ दिनों में हटा लिया जायेगा और नदी के मार्ग को सुचारू बनाया जायेगा। इससे आने वाले बरसात के दिनों में नदी से पैदा होने वाली बाढ़ की स्थिति का सामना नहीं करना पडेगा। महापौर ने कहा कि कल्याणी को मूल स्वरूप में लाने के लिए इसके आस पास रहने वाले लोगों का सहयोग भी जरूरी है, बिना जन सहयोग के यह संभव नहीं हो पायेगा।

महापौर ने कहा कि नगर निगम ने इससे पहले अन्य नालों को साफ करने का अभियान शुरू किया था जिसमें अब तक 50 से अधिक नालों की तली झाड़ सफाई कराई जा चुकी है। नगर निगम के तीस कर्मचारियों की स्पेशल टीम सिर्फ नालों की सफाई के लिए लगायी गयी है। कल्याणी के साथ साथ गंगापुर रोड पर स्थित बनरसिया और हल्दिया नहर को भी मूल स्वरूप में वापस लाने के लिए नगर निगम प्रयास कर रहा है। यहां पर रिवर फ्रंट विकसित करने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

महापौर ने शहर के नागरिकों से भी अपील की कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नदी, नहरों और नालों में कूडा न फैंके। शहर स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है, जल्द ही शहर को सुंदर बनाने के लिए कई बड़े कदम उठाये जायेंगे। डिवाईडरों को दुरूस्त करने के साथ ही हरियाली के लिए नगर निगम वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान भी चलाया जायेगा।

इस दौरान नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, सहायक नगर आयुक्त राजू नवियाल सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहै ।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.