Thursday, November 26, 2026

विधायक तिलक राज बेहड़ ने 1 करोड़ 82 लाख रुपये के 8 बड़े विकास कार्यों का किया शिलान्यास एवं लोकार्पण कनकपुर, प्रतापपुर कॉलोनी, प्रतापपुर एवं इन्द्रपुर में ग्रामीणों से किया संवाद, सुनीं समस्याएं; बोले—पांच साल में जितना विकास हुआ, उतना पहले कभी नहीं हुआ

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत 26 नवम्बर को विधायक तिलक राज बेहड़ ने कनकपुर, प्रतापपुर कॉलोनी, प्रतापपुर एवं इन्द्रपुर सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने 1 करोड़ 64 लाख 84 हजार रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कों का शिलान्यास तथा 17 लाख 31 हजार रुपये की लागत के छह विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस प्रकार कुल 1 करोड़ 82 लाख 15 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।

कनकपुर में 86.76 लाख रुपये की लागत से 700 मीटर आंतरिक मार्ग तथा शक्ति मंडल के घर से अनिल कुमार के घर तक 600 मीटर मोटर मार्ग का 40.49 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया जाएगा। वहीं प्रतापपुर में लिंक मार्ग से प्रताप कटिंग तक 1.35 किलोमीटर सड़क का निर्माण 37.59 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। विधायक ने इन तीनों सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।

इसके अलावा कनकपुर मंदिर में 1.70 लाख रुपये की लागत से टाइल्स लगाने का कार्य, प्रतापपुर कॉलोनी में 1.65 लाख रुपये की लागत से वाटर कूलर की स्थापना, इन्द्रपुर मंदिर के पास 5 लाख रुपये की लागत से टीन शेड, प्रतापपुर कॉलोनी में 3.85 लाख रुपये की लागत से लिंक रोड से स्कूल तक सीसी सड़क, उपकेंद्र प्रतापपुर में 3.11 लाख रुपये की लागत से फर्श ऊंचा करने तथा प्रतापपुर मंदिर में 2 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में जितना विकास हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सड़क, मंदिर, गुरुद्वारा, छठ घाट और कॉलोनियों के विकास के लिए लगातार बजट उपलब्ध कराया गया है। मंदिरों में पहले चरण के बाद दूसरे चरण के निर्माण कार्यों के लिए भी धनराशि दी गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने स्तर से क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी और जो भी कार्य संभव थे, उन्हें पूरा कराने का प्रयास किया।बेहड़ ने कहा कि विधायक बनने के बाद सबसे पहले क्षेत्र को हॉटमिक्स सड़कों की सौगात दी गई। गंगापुर से रुद्रपुर और लालपुर की ओर सड़क निर्माण कराया गया। एक बड़े गड्ढे की समस्या के समाधान के लिए अपने बजट से दो करोड़ रुपये की धनराशि भी उपलब्ध कराई। उन्होंने पूर्व के दस वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की पूर्वी बेल्ट में

 

 

 

 

जितना विकास होना चाहिए था, उतना नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि पांच वर्षों में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए गए हैं।

नगरपालिका किच्छा का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि जनता उसी जनप्रतिनिधि को चुनती है जो काम करता है। राजेश प्रताप सिंह को नगरपालिका अध्यक्ष बनाने के पीछे भी जनता की यही उम्मीद है कि नगर में विकास कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों तक नगरपालिका प्रशासन के अधीन रही, लेकिन अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए। अब जनप्रतिनिधि के आने के बाद विकास कार्य शुरू हुए हैं। जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विधायक ने कहा कि यदि जनता उन्हें दोबारा सेवा का अवसर देती है तो अगले पांच वर्षों तक भी गांवों में लगातार विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि इस बार उन्हें पिछली बार से भी अधिक समर्थन और बंपर वोट मिलने चाहिए।

अपने संबोधन में उन्होंने बिना नाम लिए कुछ लोगों द्वारा खुद को विधायक के रूप में प्रचारित करने और जगह-जगह फ्लेक्स लगाने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना चुनाव लड़े ही खुद को विधायक घोषित कर रहे हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता काम देखती है और उसी के आधार पर अपना जनप्रतिनिधि चुनती है।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, विजय यादव, मेजर सिंह, गुरुदास कालरा, बंटी गाबा, वे छाबड़ा, मुन्ना तिवारी, देवेंद्र साईं, सरवन भगत, शिवाजी सिंह, दिनेश कुमार, अशोक चुघ, अनिल कुमार, सत्येंद्र गौतम सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.