Friday, September 4, 2026

मानसून से पूर्व तैयारियों को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने अधिकारियों को किया सतर्क

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। नगर किच्छा में आगामी मानसून सत्र को देखते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने नगर पालिका किच्छा, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, नेशनल हाईवे तथा जल संस्थान से जुड़े अधिकारियों को मानसून के दौरान पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए। विधायक बेहड़ ने कहा कि बरसात के समय नगर एवं विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें।

उन्होंने अधिकारियों को फोन पर निर्देशित किया कि नगर के सभी नालों, नहरों एवं जल निकासी मार्गों की साफ-सफाई शीघ्र कराई जाए तथा जहां-जहां पानी निकासी में बाधा उत्पन्न हो रही है, उन स्थानों को चिन्हित कर तत्काल समाधान किया जाए। विधायक बेहड़ ने विशेष रूप से नगर के मुख्य बाजार, एस०आर० पेट्रोल पंप, रिलायंस पेट्रोल पंप, बरेली बाईपास, राइस मिल क्षेत्र, डॉ० मेहर सिंह द्वार, मलपुरा तथा अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

 

 

सिंचाई विभाग को विधानसभा क्षेत्र की सभी नहरों की नियमित सफाई कराने तथा बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग को दीनदयाल चौक से आदित्य चौक तक बड़े नाले की सफाई एवं जाम स्थानों को समय रहते दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि राइस मिल क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

जनता संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान वार्ड नंबर 15 के स्थानीय लोगों एवं वर्तमान नगर पालिका सभासद आरिफ हाजी, तालिब हुसैन, आसिफ, सबीना इस्लाम, तस्लीम सहित अन्य लोगों ने क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई।

वहीं ग्राम आनंदपुर के निवासी शिव जी प्रसाद गुप्ता, ओम प्रकाश चौबे, नारायण कुमार, रविंद्र यादव, जितेंद्र कुमार, राजकुमार, कृष्ण कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने गांव में लगभग एक किलोमीटर सड़क निर्माण कराए जाने की मांग विधायक बेहड़ के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क खराब होने के कारण आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर बरसात के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।

विधायक बेहड़ ने क्षेत्रवासियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना व शीघ्र के निस्तारण कराये जाने का आश्वाशन दिया |

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.