भोंपूराम खबरी,किच्छा। सूरजमल विश्वविद्यालय, पुलभट्टा, किच्छा में अध्ययनरत बी.एससी. नर्सिंग एवं जी.एन.एम. के छात्र-छात्राओं की विभिन्न जायज़ मांगों तथा उनके भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन को आज विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपना समर्थन दिया।

इस अवसर पर विधायक बेहड़ ने धरनास्थल पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं से वार्ता की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा भारतीय नर्सिंग परिषद (I.N.C.) की आवश्यक मान्यता के बिना वर्ष 2022 से 2025 तक विद्यार्थियों को प्रवेश दिए जाने का मामला अत्यंत गंभीर है। यदि इसमें अनियमितताएँ हुई हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए तथा किसी भी स्थिति में छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक बेहड़ ने कहा कि छात्र-छात्राओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार एवं संबंधित संस्थानों की जिम्मेदारी है। वर्षों की मेहनत और अभिभावकों की मेहनत की कमाई दांव पर लगी है, इसलिए विद्यार्थियों को न्याय मिलना ही चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज़ मांगों को शासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र के मेहनती, प्रतिभाशाली और होनहार छात्र-छात्राओं के अधिकारों, सम्मान एवं उज्ज्वल भविष्य की रक्षा के लिए वह हर संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। छात्र हित सर्वोपरि है और न्याय मिलने तक उनका समर्थन निरंतर जारी रहेगा।
धरने पर मौजूद छात्र-छात्राओं ने विधायक तिलक राज बेहड़ का समर्थन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।




