Saturday, November 21, 2026

प्रदेश सरकार पर विधायक बेहड़ का तीखा प्रहार, किसान परेशान, गरीबों पर बढ़ रहा महंगाई और बिजली बिल का बोझ, लगभग 97 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास, खाद संकट, स्मार्ट मीटर और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,किच्छा।  ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के पांचवें दिन विधायक तिलक राज बेहड़ ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लगभग 97 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

विधायक बेहड़ ने गिधपुरी, वीरू नगला, छिनकी, सैंजना, कुरैया एवं चकोनी सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान ग्राम वीरू नगला में लगभग 1500 मीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का करीब 80 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त ग्राम वीरू नगला में स 4.98 लाख की लागत से सी0सी0 सड़क,छिनकी में 5 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण, ग्राम कुरैया में तक 1.68 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क तथा ग्राम चकोनी में शिव मंदिर के पास 5 लाख रुपये की लागत से पैरापिट वॉल निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।

जनसंवाद के दौरान विधायक बेहड़ ने कहा कि गिधपुरी सहित क्षेत्र के गांव उनके लिए नए नहीं हैं। उनका इन गांवों से वर्षों पुराना संबंध है। सुख-दुख से लेकर हर परिस्थिति में वह ग्रामीणों के साथ खड़े रहे हैं और जनता ने भी हमेशा उनका साथ दिया है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में छोटी सड़कों के साथ बड़े विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं। दरऊ मुख्य मार्ग पर हॉटमिक्स सड़क का कार्य शुरू कराया गया है तथा भविष्य में इसके चौड़ीकरण के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। किच्छा में जीजीआईसी के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से नई बिल्डिंग स्वीकृत कराई गई है, जिससे छात्राओं को इंटरमीडिएट तक शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। वहीं किच्छा में 5 करोड़ रुपये की लागत से भव्य कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके लिए आगे भी 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में अस्पताल निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है।

बेहड़ ने कहा कि कि जिला पंचायत के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों का बंटवारा किया गया है, ताकि प्रत्येक गांव को समान रूप से विकास का लाभ मिल सके।

प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि प्रदेश में लूटपाट और भ्रष्टाचार का माहौल है। किसान बुवाई के समय खाद के लिए भटक रहे हैं। खाद के अभाव में किसान अपनी फसलों की बुवाई कैसे करेगा? सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।

ग्रामीणों की शिकायत है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिल बढ़ गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के सरकार के फैसले से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

बेहड़ ने चुनाव के दौरान पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उनके साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में उचित कार्रवाई करने के बजाय मामूली धाराओं में कार्रवाई कर आरोपी को छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कार्यक्रम में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह,सरवर यार खा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा,जिला पंचायत सदस्य पति सर्वेश सिंह,मेजर सिंह,दलजीत खुराना,विजय यादव, धर्मेन्द्र सिन्धी,सुखदेव सिंह,हरीश खान्वानी, राजेन्द्र प्रधान, भानु, तौकीर, अजीम, मुक्त्यार अहमद,किशनलाल, किशन मखीजा,कन्हेया लाल,परमजीत सिंह,शुभम सुखीजा,जाकिर अली,अशोक बागवानी,सुखविंदर सिंह,हरविन्द्र सिंह, सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.