Friday, September 4, 2026

सावन में कांवड़ यात्रा मार्ग पर नहीं खुलेंगी मांस-मछली की दुकानें, महापौर ने जारी किए निर्देश, विहिप और बजरंग दल के ज्ञापन पर लिया निर्णय

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नगर निगम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावन माह के दौरान मांस, मछली एवं अंडे की दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही यात्रा मार्गों और प्रमुख मंदिरों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। यह निर्णय महापौर विकास शर्मा ने विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए लिया।

गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने महापौर से मुलाकात कर श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की धार्मिक भावनाओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा करते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर मांस, मछली एवं अंडे की दुकानों के खुले रहने तथा कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न होने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। इससे विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की भी आशंका बनी रहती है।

प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मांग की कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित मांस-मछली एवं अंडे की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया जाए। साथ ही यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं। उन्होंने जिला प्रशासन से भी मुख्य मार्गों पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए समुचित प्रबंध कराने का आग्रह किया।

महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए कि नगर निगम क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग पर सावन मास के दौरान मांस-मछली की दुकानें बंद रखी जाएं। इसके अतिरिक्त सभी प्रमुख शिव मंदिरों, कांवड़ यात्रा मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।

महापौर ने कहा कि श्रावण मास शिवभक्तों की आस्था का पर्व है और नगर निगम श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा कांवड़ यात्रियों के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएंगी। महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम का प्रयास रहेगा कि पूरे सावन माह में शहर स्वच्छ, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रविन्द्र पाल सिंह, जिला मंत्री राजेन्द्र सिंह मेहरा, नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.