Friday, September 4, 2026

विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन, 18 मजदूर फंसे, दो को सकुशल बाहर निकाला

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में देर शाम बड़ा हादसा हो गया। विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में अचानक भूस्खलन हो गया। इस दौरान 18 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, दो को जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना 6 बजकर 10 मिनट पर निर्माणाधीन टनल में अचानक भारी मात्रा में मलबा और पानी आ गया। मलबा आता देख वहां काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। मलबा और पानी इतनी तेजी से आया कि करीब 18 मजदूर अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने रेस्क्यू शुरू कर दिया है। अभी तक दो मजदूरों को निकाला गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल के भीतर मलबा और पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

कहा कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं तथा स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इस दिशा में सभी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.