Friday, September 4, 2026

यहां नाबालिग से दुष्कर्म कांड का पुलिस ने किया खुलासा, 120+ CCTV खंगालकर 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी काशीपुर। नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में काशीपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया है।

आईटीआई कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चैती मेला क्षेत्र में एक नाबालिग को दो युवकों द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। घटना के कुछ दिन बाद पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। यह केस इसलिए भी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि पीड़िता और आरोपियों के बीच कोई पूर्व परिचय नहीं था और न ही उनके बारे में कोई ठोस जानकारी उपलब्ध थी।

पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए चैती मेला और आसपास के करीब 120 सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ काशीपुर और यूपी बॉर्डर क्षेत्र के लगभग 150 कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। डिजिटल और मैनुअल जांच के संयोजन से अंततः दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार (19 वर्ष) और अरविंद (18 वर्ष), निवासी बोहरपुर कला, थाना भगतपुर, मुरादाबाद के रूप में हुई है।

एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम की सतत मेहनत और तकनीकी विश्लेषण के चलते इस गंभीर मामले का खुलासा संभव हो सका। उन्होंने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण सफलता बताया।

पुलिस अब आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.