Friday, September 4, 2026

यहां जल निकासी पाइप में फंसा मासूम, मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। कोतवाली विकासनगर के अंतर्गत नवाबगढ़ ग्राम पंचायत के डाक्टरगंज इलाके में शनिवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ तेज बारिश के दौरान सड़क पर जमा पानी में नहाते समय एक सात वर्षीय मासूम बच्चा जल निकासी के लिए रखे प्लास्टिक के पाइप में फंस गया। पाइप के भीतर पानी भर जाने और दम घुटने के कारण बच्चे की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के मुताबिक, विकासनगर क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाद मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान डाक्टरगंज में पुल नंबर एक पार स्थित मस्जिद के पास सड़क पर भरे पानी में मोहल्ले के कुछ बच्चे नहा रहे थे। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में इन दिनों सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है और सड़क किनारे जल निकासी के लिए प्लास्टिक के बड़े पाइप बिछाने के लिए रखे गए थे। नहाते समय अचानक नवाबगढ़ गांव निवासी सात वर्षीय अरमान पुत्र नौशाद एक पाइप के भीतर घुस गया, लेकिन पाइप की चौड़ाई कम होने के कारण वह बीच में ही बुरी तरह फंस गया। पाइप में लगातार पानी भरने से उसका दम घुटने लगा और जब तक साथ खेल रहे अन्य बच्चों का ध्यान उस ओर गया, अरमान दम तोड़ चुका था। बाजार चौकी इंचार्ज अर्जुन गुसाईं ने बताया कि मृतक बच्चे के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इन्कार कर दिया है।

इस दर्दनाक हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इस मौत के लिए उसे सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमानुसार सड़क और जल निकासी का यह निर्माण कार्य वर्षा काल शुरू होने से पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था। मगर, ठेकेदार द्वारा यह कार्य मानसून के सीजन में कराया जा रहा है और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसके कारण सड़क पर हर वक्त हादसों का खतरा बना हुआ था और आज एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.