Friday, September 4, 2026

जेसीज पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की धूम

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति से परिपूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह के विशिष्ट अतिथि विद्यालय की पूर्व विद्यार्थी डॉ. सृजन श्रीवास्तव (राजकीय मेडिकल काॅलेज, रुद्रपुर) एवं गर्वित छाबड़ा (चाटर्ड एकाउंटेंट, नेस्ले इंडिया प्रा0लि0) रहे। विशिष्ट अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर तथा निदेशक एवं प्रधानाचार्य के साथ ध्वजारोहण किया।

जेसीज पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की धूम

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रकाश चन्द्र जोशी ने विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा से करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। विकसित भारत का सपना आज के विद्यार्थी ही साकार कर सकते हैं। इसलिए शिक्षकों एवं अभिभावकों का दायित्व है कि वे बच्चों को तकनीक के साथ-साथ संस्कारों से जोड़ते हुए उन्हें विकसित भारत के निर्माण के लिए तैयार करें।

विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय की पूर्व विद्यार्थी डॉ. सृजन श्रीवास्तव ने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के लिए पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने खेलों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का सुझाव दिया।

 

विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, अकेलापन और एकाग्रता की कमी आज के समय की बड़ी चुनौतियाँ हैं। इन क्षेत्रों में सुधार के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी उपलब्धियों पर गर्व है, लेकिन अभी बहुत कुछ सीखना और हासिल करना बाकी है। जेसीज पब्लिक स्कूल सदैव तकनीक के साथ संस्कार देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

इस अवसर पर जेसीज पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 के छात्र अंशुमन सिंह द्वारा रचित पुस्तक ’‘केम ऑल अलॉन्ग’’ का विमोचन भी किया गया।

 

समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक सहित देशभक्ति से ओत-प्रोत अनेक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सक्षम और शगुन ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत अनुशासित ड्रिल तथा नन्हे बच्चों द्वारा योग एवं स्केटिंग के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति के जज्बे से भर दिया। कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

 

विद्यालय के निदेशक श्री सुधांशु पंत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के श्री बच्चन सिंह, श्री इंद्रजीत अरोरा, श्री अंकुर मित्तल, श्री सुरेन्द्र गिरधर, श्री सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.