Friday, September 4, 2026

आईजी ने कुमांऊ रेंज में 526 पुलिसकर्मियों के किए तबादले

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। कुमाऊं परिक्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और संतुलित बनाने के लिए आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। आईजी ने व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए दरोगा से लेकर कांस्टेबल तक कुल 526 पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए हैं।

इस कार्रवाई को महकमे में अनुशासन और कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात कर्मियों के रोटेशन को सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तबादला आदेश के बावजूद पुरानी तैनाती से जुड़े रहने की प्रवृत्ति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित जिला प्रभारियों को सभी स्थानांतरित कर्मियों को निर्धारित समयसीमा में कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। जारी की गई विस्तृत सूची के अनुसार, इस फेरबदल में विभिन्न पदों के पुलिसकर्मी शामिल हैं।

तबादला सूची में 23 दरोगा , 9 सहायक उपनिरीक्षक, 92 हेड कांस्टेबल और 357 कांस्टेबल शामिल हैं। इनके अतिरिक्त 33 सीएपी, 6 सीएमटी और 6 एम स्टाफ के कर्मियों को भी इधर से उधर किया गया है। आईजी ने अल्मोड़ा, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर के एसएसपी और पिथौरागढ़, बागेश्वर व चंपावत के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि सभी स्थानांतरित कर्मियों को शुक्रवार तक अनिवार्य रूप से कार्यमुक्त कर इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए। इस बड़े पैमाने पर हुए तबादलों से कुमाऊं रेंज के विभिन्न जिलों में स्टाफ की कमी को दूर करने की भी कोशिश की गई है। प्रमुख तबादलों के तहत अल्मोड़ा से ऊधम सिंह नगर के लिए राजेंद्र कुमार, दिनेश नाथ, अवनीश कुमार, संजय जोशी, अजेंद्र प्रसाद और मीना आर्या को भेजा गया है। वहीं चंपावत से ऊधम सिंह नगर के लिए निर्मल सिंह लटवाल, दिलवर सिंह, देवेंद्र सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह कोरंगा, कैलाश चंद्र और जितेंद्र बिष्ट की तैनाती की गई है। चंपावत से नैनीताल के लिए लक्ष्मण सिंह जगवाण, भुवन चंद्र आर्य और देवनाथ को नई जिम्मेदारी दी गई है। पिथौरागढ़ से ऊधम सिंह नगर के लिए अंबी राम, मनोज पांडेय, मदन सिंह बिष्ट तथा पिथौरागढ़ से नैनीताल के लिए बसंत बल्लभ पंत और प्रदीप कुमार को स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा बागेश्वर से नैनीताल के लिए मनवर सिंह, प्रताप सिंह नगरकोटी और विवेक को भेजा गया है। माना जा रहा है कि इस रोटेशन से पुलिसिंग में अधिक चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था और पारदर्शिता आएगी।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.