Saturday, September 5, 2026

दिल्ली-देहरादून हाइवे पर हिट एंड रन… तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाई तबाही, मां-बेटी समेत तीन को रौंदा

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में दर्दनाक हादसा हुआ है। दिल्ली-देहरादून हाइवे पर सोमवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रही चार महिलाओं और एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो की जानकारी के लिए सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।

मेरठ जिले के दौराला क्षेत्र के वलीदपुर गांव की रहने वाली सविता जाटव (19), उनकी मां ऊषा और गांव की अन्य दो महिलाएं गायत्री एवं केला देवी गन्ने की बुआई का काम करके घर लौट रही थीं। उनके हाइवे पार करने के दौरान ही मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार भी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना को देखते ही आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सविता जाटव, उनकी मां ऊषा और केला देवी को मृत घोषित कर दिया। गायत्री और बाइक सवार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉक्टर विपिन ताडा ने बताया कि वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। विभिन्न टीमों को जांच में लगाया गया है। स्कॉर्पियो के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.