Friday, September 4, 2026

यहां पति से नई स्कूटी का इंडिकेटर टूटा तो पत्नी ने चाकू से हमला कर कर दिया लहूलुहान

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट में एक सरकारी शिक्षक दंपती के बीच नई स्कूटी के क्षतिग्रस्त इंडिकेटर को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पत्नी ने शिक्षक पति पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है और पुलिस जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, लोहाघाट के पाटन क्षेत्र निवासी सुंदर नाथ गोरखवाणी और उनकी पत्नी दोनों सरकारी विद्यालयों में शिक्षक हैं। बताया गया कि हाल ही में परिवार ने नई स्कूटी खरीदी थी। गुरुवार को शिक्षक बिना बताए स्कूटी लेकर बाजार चले गए। शाम को लौटने पर स्कूटी का इंडिकेटर टूटा मिला, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई।

बताया जा रहा है कि शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया था, लेकिन रात में एक बार फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने चाकू से पति की गर्दन, पीठ और हाथों पर कई वार कर दिए। घायल शिक्षक के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें हमलावर के चंगुल से छुड़ाकर तत्काल उप जिला अस्पताल, लोहाघाट पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार घायल शिक्षक के शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि दंपती का आठ वर्षीय बेटा फिलहाल अपने मामा के घर रह रहा है।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

>

थानाध्यक्ष कुंदन बोहरा ने बताया कि घायल शिक्षक ने पत्नी के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने की शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पत्नी ने भी पति पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच एसआई सोनिका को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि वैवाहिक जीवन में मतभेद सामान्य बात है, लेकिन छोटी-छोटी बातों पर गुस्से में लिया गया फैसला पूरे परिवार को प्रभावित कर सकता है। ऐसे मामलों में संवाद और आपसी समझदारी ही सबसे प्रभावी समाधान मानी जाती है।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.