Friday, September 4, 2026

यहां नाले में नहाने गईं दो सगी बहनों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती इलाके से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ दुर्गा मंदिर के समीप एक बरसाती नाले में खेलने और नहाने गईं दो सगी बहनों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक बच्चियों की पहचान सात वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और साढ़े तीन वर्षीय सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चियाँ रीना कुमारी और रुदल सदा की बेटियाँ थीं। यह परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले स्थित छोटम पिपरा गाँव का रहने वाला है। वर्तमान में पूरा परिवार क्लेमेनटाउन की नई बस्ती में एक किराये के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी के जरिए अपना जीवन यापन कर रहा था।

घटना की जानकारी देते हुए मृतक बच्चियों की माँ रीना कुमारी ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दोनों बेटियाँ घर के बाहर खेल रही थीं। खेलते-खेलते दोनों पास ही स्थित बरसाती नाले के समीप चली गईं और नहाने लगीं। इसी दौरान पहाडी और ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव आ गया।

पानी के अचानक आए इस प्रचंड वेग को मासूम बच्चियाँ संभाल नहीं सकीं और बह गईं। तेज बहाव में बहते हुए दोनों बच्चियाँ नाले के ऊपर बने एक कंक्रीट के रैंप के नीचे जाकर गहराई में फंस गईं। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी दोनों बच्चियाँ घर वापस नहीं आईं, तो माँ रीना कुमारी ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास पूछताछ करने और ढूँढने के बावजूद जब बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिला, तो स्थानीय लोगों की मदद से बरसाती नाले के आसपास खोजबीन तेज की गई।

खोजबीन के दौरान नाले पर बने एक रैंप के नीचे बड़ी बेटी की टांग दिखाई दी। इसके बाद बिना समय गंवाए स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए नाले और रैंप के नीचे फंसे दोनों बच्चों को बाहर निकाला। हालाँकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और अत्यधिक पानी पेट में चले जाने तथा दम घुटने के कारण दोनों मासूमों की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।

 

स्थानीय निवासी की सूचना पर पहुँची पुलिस

हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के निवासी राजेश मित्तल ने गुरुवार शाम लगभग चार बजे क्लेमेनटाउन थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि नई बस्ती दुर्गा मंदिर के पास बरसाती नाले के रैंप में दो बच्चियाँ बहकर फंस गई हैं।

सूचना प्राप्त होते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस का दल तुरंत मौके पर पहुँचा। पुलिस के पहुँचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों द्वारा दोनों शवों को नाले से बाहर निकाला जा चुका था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और शवों को पंचनामे के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

 

बिहार में थे पिता, खबर सुनते ही टूटा दुखों का पहाड़

घटना के समय बच्चियों के पिता रुदल सदा घर पर मौजूद नहीं थे। वे किसी निजी काम से अपने पैतृक गाँव बिहार गए हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद दूरभाष के माध्यम से उन्हें इस दुखद दुर्घटना की जानकारी दी गई।

घर की दोनों मासूम बेटियों की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माँ रीना कुमारी बदहवास हालत में हैं और पूरे नई बस्ती क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।

 

मानसून और बरसाती नालों को लेकर प्रशासन सतर्क

देहरादून और आसपास के मैदानी व पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बरसात के कारण स्थानीय नदी-नाले और बरसाती खाले उफान पर हैं। इस हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता, विशेषकर बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे मानसून के दौरान बच्चों को जलभराव वाले क्षेत्रों, बरसाती नालों और नदियों के किनारे न जाने दें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.