भोंपूराम खबरी। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हल्दूचौड़ स्थित बच्चीधर्मा गांव में एक 17 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका बच्चीधर्मा निवासी हेम पांडे की 17 वर्षीय पुत्री थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका उपचार दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।
बताया गया कि बुधवार शाम युवती की मां हंसी पांडे सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। इसी दौरान युवती ने घर में लगे पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। जब परिजन घर लौटे तो घटना का पता चला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर कोतवाल ब्रजमोहन राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल कर रही है।




