भोंपूराम खबरी,अल्मोड़ा। क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा भाटिया-भिकियासैंण मार्ग पर हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिली कि सड़क पर वाहन संख्या UK04F6683 की नंबर प्लेट पड़ी हुई है तथा एक व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। वाहन आसपास न मिलने पर उसके खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस, 108 एंबुलेंस, आपदा प्रबंधन टीम और SDRF मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम को वाहन गहरी खाई में क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। वाहन में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत तथा कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत (32 वर्ष) की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग जागरी का कार्य करते थे और ग्राम चमोली पुसैला में जागर कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंची।




