भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूल जा रहे तीन बच्चों को टक्कर मार दी, जिससे एक छात्र की मौत हो गई। छात्र के मांस के टुकड़े और जूता रोड पर बिखरे दिखे। हादसा ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में सुबह 10 बजे के आसपास हुआ।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
लोगों ने रोड जाम कर दिया, जिसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मामला शांत कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश शुरू कर दी है।
1. स्कूल जा रहे थे तीनों छात्र- दाभोरा टांडा निवासी मनोज सिंह का 15 वर्षीय बेटा शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में 10वीं कक्षा का छात्र था। सुबह करीब 10 बजे वह अपने साथी और रिश्ते में चचेरे-तहेरे भाई वासु और अक्षय के साथ पैदल स्कूल जा रहा था।
2. बेकाबू टैंकर ने मारी जोरदार टक्कर- बरखेड़ी मार्ग पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने तीनों बच्चों को चपेट में ले लिया। हादसा इतना खौफनाक था कि शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर दूर तक जूता और दुर्घटना के निशान बिखर गए ।
3. ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागा, ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल – चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी ड्राइवर टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल वासु और अक्षय को काशीपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
4. गुस्साए लोगों ने लगाया जाम – घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगाई जाए और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। सूचना मिलने पर पहुंची आईटीआई कोतवाली पुलिस ने
लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मृतक शिवम अपने पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था और उसके पिता मजदूरी करते हैं। हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।




