Saturday, September 5, 2026

यहां स्कूल बस को रोडवेज ने मारी टक्कर, बच्चों में मची चीख-पुकार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी जिले से सामने आया है, जहां यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुबाटा के पास एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई।

स्कूली बच्चों से भरी एक बस को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूली बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही 108 आपातकालीन सेवा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बड़कोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

होटल व्यवसायी गुरुदेव सिंह रावत, जो मौके पर मौजूद थे, ने बताया कि स्कूली बस दुबाटा के पास बच्चों को बैठा रही थी, तभी यमुनोत्री जानकीचट्टी से देहरादून होते हुए दिल्ली की ओर जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर स्कूली बस से टकरा गई।

बस में कुल 30 बच्चे सवार थे, जिनमें से 14 को हल्की चोटें आईं हैं। 2 से 3 बच्चों को थोड़ी गंभीर चोटें लगी हैं, हालांकि सभी की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

रोडवेज बस में सवार दो अन्य लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें भी प्राथमिक उपचार के लिए बड़कोट अस्पताल में भर्ती किया गया है।

डॉ. अंगद सिंह राणा के अनुसार, सभी घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दी जा रही है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और रोडवेज बस चालक की लापरवाही की भी समीक्षा की जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.