भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर तमंचा लहराकर रील बनाने और दहशत फैलाने वाले एक युवक को कोतवाली पुलिस ने अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को रम्पुरा चौकी के उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक धीरज टम्टा और पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं अपराध रोकथाम हेतु गश्त पर थे। इसी दौरान किच्छा रोड पर एफएसएल मोड़ के पास मुखबिर ने सूचना दी कि शांति कॉलोनी निवासी अंकुश उर्फ अंकित शर्मा अपने पास अवैध तमंचा रखता है। मुखबिर ने पुलिस को एक वीडियो भी दिखाया जिसमें आरोपी हाथ में तमंचा लहराकर डांस करता नजर आ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की और एफएसएल गेट से कुछ दूरी पर किच्छा बाईपास रोड की तरफ से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस को सामने देख आरोपी सकपका गया और भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौका दिए बिना पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी पैंट से 315 बोर का एक देशी तमंचा और चौंबर में फंसा हुआ एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकुश उर्फ अंकित शर्मा पुत्र हरस्वरूप शर्मा निवासी शांति कॉलोनी बताया। आरोपी ने पुलिस को कुबूल किया कि उसने यह तमंचा नानकमत्ता मेले में किसी व्यक्ति से 5-6 हजार रुपये में शौक के लिए खरीदा था। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और ई साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। गिरफ्तारी टीम में कानिस्टेबल महेंद्र कुमार और महेश राम भी शामिल रहे। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने यह असलहा किससे खरीदा था और क्या इसका इस्तेमाल किसी अन्य वारदात में किया गया है।




