Friday, September 4, 2026

यहां महिला पर बाघ ने किए हमला, हुई मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष का ताजा और दुखद मामला हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र से सामने आया है। फतेहपुर रेंज के लामाचौड़ जंगल किनारे घास काट रही एक महिला पर बाघ ने हमला कर उसे जंगल की ओर घसीट लिया, जिससे महिला की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घास लेने जंगल गई महिला गंगा देवी अपने बहू पुष्पा और एक अन्य महिला हेमा देवी के साथ थी। इसी दौरान बाघ अचानक गंगा देवी पर झपट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहू और हेमा ने साहस दिखाते हुए बाघ को भगाने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन बाघ गंगा देवी को तीन किलोमीटर दूर जंगल में ले गया।

सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और वन विभाग की टीम ने जंगल में व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया। लगभग तीन घंटे की खोजबीन के बाद गंगा देवी का क्षत-विक्षत शव घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर जंगल से बरामद किया गया।

फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप कुमार असगोला ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं। लोगों से आग्रह किया जा रहा है कि वे जंगल की ओर न जाएं।

नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस और वन विभाग की टीम ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद गंगा देवी के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि बहू और हेमा देवी सदमे में हैं। यह घटना मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को फिर से उजागर करती है और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता पर जोर देती है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.