Friday, September 4, 2026

यहां चार वर्षीय मासूम बच्ची को गुलदार ने बनाया अपना शिकार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,कोटद्वार (पौड़ी): चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा तिमली के तोक ग्राम भतकोट में गुलदार के हमले ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। गुरुवार रात करीब नौ बजे एक चार वर्षीय मासूम बच्ची को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। बताया गया कि ग्राम भतकोट निवासी हरेंद्र की चार वर्षीय पुत्री दृष्टि रात को भोजन के बाद घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और बच्ची को जबड़े में दबाकर आंगन से नीचे खेतों की ओर ले गया।

बच्ची की चीख सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में बच्ची का शव बरामद हुआ, जिससे गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया।

वन विभाग पर उठे सवाल

घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेन्द्र सिंह रावत ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं, लेकिन लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े किए।

क्षेत्र में बढ़ता गुलदार का आतंक

चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में बीते कुछ समय से गुलदार के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार शाम ढलते ही गांवों में दहशत का माहौल बन जाता है और लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद न तो गश्त बढ़ाई गई और न ही गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की गई। इससे आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.