Friday, September 4, 2026

यहां घर में घुसकर 19 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या, दो महिलाओं पर भी हमला

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। द्वाराहाट ब्लॉक के ऐना गांव में युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी बुआ और चचिया सास पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

शुक्रवार रात करीब आठ बजे ऐना गांव निवासी जानकी देवी अपने घर पर भोजन तैयार कर रही थीं। उनके साथ चचिया सास सावित्री देवी उर्फ सबुली देवी भी मौजूद थीं। इसी घर में सिमोली गांव निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह भी पिछले करीब दस दिनों से रह रहा था। सागर मेरठ में पढ़ाई करता था और सेना में भर्ती की तैयारी के सिलसिले में अपनी बुआ के घर आया हुआ था।

घर में घुसा हमलावर, ताबड़तोड़ वार कर उतारा मौत के घाट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले कपड़े पहने एक युवक अचानक घर में घुसा और सागर सिंह पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से सागर संभल भी नहीं सका और गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर जानकी देवी और सावित्री देवी बचाने दौड़ीं, लेकिन हमलावर ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया।

हमले में जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि सावित्री देवी का गला धारदार हथियार से गहरे तक कट गया। खून से लथपथ सागर सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घायल महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया, हमलावर फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका पीछा करने के बजाय गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं की जान बचाने को प्राथमिकता दी और उन्हें तत्काल वाहन से नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने जानकी देवी के सिर पर छह टांके लगाए हैं, जबकि सावित्री देवी का गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में उपचार चल रहा है।

हत्या की गुत्थी बरकरार, पुलिस कई बिंदुओं पर जांच में जुटी

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार, हमलावर काले कपड़े पहने हुए था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है तथा लोग खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

कोतवाल भुवन जोशी ने बताया कि हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.