भोंपूराम खबरी। कर्णप्रयाग में गांधीनगर के नीचे पिंडर नदी में एक लड़की की नहाते समय डूबने से मौत हो गई। जान गंवाने वाली छात्रा जीजीआईसी कर्णप्रयाग में 11वीं की छात्रा थी।
थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि सूचना पर तत्काल कोतवाली कर्णप्रयाग की पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जानकारी हुई कि पिंडर नदी में तीन चार लड़कियां नहा रही थी, इसी दौरान 15 वर्षीय अमृता पुत्री मनोज कुमार निवासी गांधीनगर नहाते समय डूब गई।
मौके पर स्थानीय लोगों व डीडीआरएफ की टीम के साथ रेस्क्यू व सर्च अभियान चलाया गया तो कुछ देर बाद नदी में से लड़की को बेहोशी हालत में बाहर निकालकर तत्काल परिजनों व स्थानीय लोगों की सहायता से उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अमृता जीजीआईसी कर्णप्रयाग में पढ़ाई कर रही थी। अमृता के नदी में डूबकर मरने से कर्णप्रयाग में मातम का माहौल है। हर कोई इस असामयिक मौत से दुख में है। लोगों ने नदी के किनारे सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है।
नदी किनारे नहीं है सुरक्षा के इंतजाम
कर्णप्रयाग में पिंडर व अलकनंदा नदी किनारे सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। यहां पर इन दोनों नदियों का बहाव तेज है। इससे पहले भी कई बार नहाते समय लोग नदी में डूब चुके हैं। दोनों नदियों के संगम पर स्थानीय लोग एवं तीर्थ यात्री भी काफी संख्या में पहुंचते हैं। इससे पूर्व करीब आठ साल पहले नमामि गंगे की ओर से संगम स्थल पर घाट और रेलिंग बनाई गई थी जो नदी के बहाव में बरसात के दौरान बह चुका है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन तथा नगर पालिका परिषद से नदियों के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।




