भोंपूराम खबरी,देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है। मौसम विभाग ने 3 से 7 अगस्त तक राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
सोमवार सुबह से ही देहरादून सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही वर्षा से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। कई इलाकों में घने बादल छाए हुए हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में धुंध और कोहरे का असर भी देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 अगस्त को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 अगस्त को देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर, 5 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर, 6 अगस्त को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पौड़ी, जबकि 7 अगस्त को देहरादून, टिहरी और बागेश्वर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।




