Saturday, September 5, 2026

स्वास्थ्य, सेवा और संवेदना—सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन का दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ शुभारम्भ

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बनबसा में निःशुल्क दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ किया।

जन-सेवा व संवेदनशील स्वास्थ्य सरोकारों को समर्पित इस शिविर में राज्य के सुपर स्पेशलिस्ट एवं अनुभवी चिकित्सकों—डॉ. पुनीत गोयल (न्यूरोसर्जन), डॉ. अजय आर्य (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. एन.एस. बिष्ट (मेडिसिन), डॉ. प्रमोद जोशी (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. मुकेश वर्मा (कान, नाक व गला रोग विशेषज्ञ), डॉ. योगेश (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. ईशा (त्वचा रोग विशेषज्ञ), डॉ. प्रतीक (नेत्र रोग विशेषज्ञ) सहित मनोरोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन एवं अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, ई.सी.जी., नेत्र परीक्षण, सामान्य रोग निदान सहित विविध चिकित्सा सेवाएँ प्रदान कीं।

शिविर में 700 से अधिक लोगों ने उपचार प्राप्त किया। अनेक मरीज वर्षों बाद विशेषज्ञ चिकित्सक तक पहुँच बना सके—किसी की आँखों को राहत मिली, किसी के कदमों को सहारा मिला, तो किसी के स्वास्थ्य संघर्षों को नई उम्मीद।

मानवता और सामाजिक करुणा को केंद्र में रखते हुए श्रीमती धामी ने शिविर में उपस्थित जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक, चश्मा एवं कान की मशीन का वितरण भी किया, जिससे कई चेहरे आशा और आत्मविश्वास से खिल उठे।

श्रीमती गीता धामी ने कहा कि “स्वास्थ्य किसी विशेष वर्ग का अधिकार नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की मूल आवश्यकता और सम्मान है। यदि हमारी छोटी-सी कोशिश किसी परिवार के दुख को कम कर सके, किसी बुजुर्ग के कदमों में फिर से हिम्मत भर दे, किसी बच्चे के भविष्य को सुरक्षित कर दे—तो यही सेवा संकल्प की सबसे बड़ी सफलता है।”

उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी फाउंडेशन इसी भावना के साथ दुरस्त एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन कर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ पहुँचाने के लिए निरंतर तत्पर रहेगा।

उस दौरान जिला अध्यक्ष भाजपा श्री गोविंद सामंत, अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, विधायक प्रतिनिधि श्री दीपक रजवार, नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा, जिला महामंत्री श्री मुकेश कलखुड़िया, मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, बनबसा मंडल अध्यक्ष टनकपुर तुलसी कुंवर, पूर्व दर्जा मंत्री श्री शिवराज सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.