Friday, September 4, 2026

दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में समर कैंप 2026 का भव्य समापन

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप, थीम “खेलोगे तो खिलोगे”, का समापन समारोह हर्ष, उत्साह एवं भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिसर बच्चों की खिलखिलाहट, रंग-बिरंगी सजावट और रचनात्मकता की अनूठी छटा से जगमगा उठा। कार्यक्रम का शुभारम्भ श्री जितेन्द्र सिंह अधिकारी जी (एच.आर. हेड, वोल्टास), श्री प्रशांत जी (क्वालिटी हेड, वोल्टास) तथा विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर एवं प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में समर कैंप 2026 का भव्य समापन

समर कैंप 2026-27 के लिए देश के विभिन्न राज्यों से अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवी एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया था। ब्रेन कोडिंग हेतु श्री प्रिंस एवं श्री शिवम, रेज़िन आर्ट हेतु श्री गगनदीप सिंह एवं सुश्री दलजींदर कौर, अबेकस एवं वैदिक गणित हेतु सुश्री रचना एवं सुश्री सुनीता, ग्रूमिंग हेतु सुश्री अजीता एवं श्री वंश बंगा, एयरोमॉडलिंग हेतु श्री वामसीधर रेड्डी, श्री रोशन कुमार एवं श्री तरुण पवार, ए.आई. एवं रोबोटिक्स हेतु श्री रूपिंदर सिंह, फोटोग्राफी हेतु श्री गगन मक्कड़, आर्ट एंड क्राफ्ट हेतु सुश्री कुसुम पांडे, कुलिनरी आर्ट हेतु सुश्री निमिषा, बुके एवं हैम्पर डेकोरेशन हेतु सुश्री स्वाति अरोड़ा तथा एडवेंचर एवं हॉट एयर बैलून गतिविधियों हेतु श्री गौरव भाकुनी एवं श्री कुंदन रावत को आमंत्रित किया गया था।

 

समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने केवल विभिन्न कलाओं एवं गतिविधियों का प्रशिक्षण ही प्राप्त नहीं किया, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों को भी आत्मसात किया। समापन समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य, गीत, नाटक एवं वाद्य संगीत ने उपस्थित सभी दर्शकों का हृदय जीत लिया। उनकी प्रस्तुतियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और समर्पण की अद्भुत झलक देखने को मिली।

 

समारोह का एक विशेष आकर्षण ब्रेन कोडिंग गतिविधि से जुड़े विद्यार्थियों का अद्भुत लाइव प्रदर्शन रहा। विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी असाधारण एकाग्रता, स्मरण शक्ति एवं मानसिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए आंखों पर पट्टी बांधकर विभिन्न वस्तुओं की पहचान कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने आधार कार्ड पर अंकित रंगों एवं संख्याओं, एटीएम कार्ड के नंबरों, ₹500 के नोट पर अंकित संख्याओं तथा नोटबुक पर लिखे अक्षरों एवं शब्दों को बिना देखे सही-सही पहचानकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

साथ ही रेज़िन आर्ट, फोटोग्राफी, आर्ट एंड क्राफ्ट, पॉटरी, कुकिंग एवं अन्य गतिविधियों की भव्य प्रदर्शनी भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, हस्तनिर्मित वस्तुओं एवं रचनात्मक परियोजनाओं ने सभी को प्रभावित किया। इसके अतिरिक्त हॉट एयर बैलून गतिविधि समर कैंप का विशेष आकर्षण रही। विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक बैलून की सवारी कर इस रोमांचक अनुभव का आनंद लिया, जिसने इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया।

 

विद्यालय के चेयरमैन महोदय श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि समर कैंप विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने, उनकी रचनात्मक सोच को विकसित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों को ऐसे रचनात्मक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रमों का लाभ अवश्य दिलाना चाहिए तथा उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करते रहना चाहिए।

 

अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा संसाधन व्यक्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। तालियों की गूंज, मुस्कुराते चेहरों और यादगार पलों के साथ कार्यक्रम का भव्य एवं सफल समापन हुआ। समर कैंप की यह सुखद यात्रा विद्यार्थियों के लिए सीख, आनंद और प्रेरणा से भरपूर एक अविस्मरणीय अनुभव बन गई।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.