भोंपूराम खबरी। सोने की कीमत आज सोमवार को क्रैश कर गई है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोमवार दोपहर सोने का घरेलू वायदा भाव 10.02 फीसदी या 14,483 रुपये की गिरावट के साथ 1,30,009 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। बीते 2 मार्च को सोने का भाव 1,66,074 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह पिछले 21 दिन में सोना करीब 36,000 रुपये गिर गया है। यह 21 फीसदी से अधिक की गिरावट है।
आज 24,000 रुपये टूटी चांदी
सोने के साथ ही चांदी में भी जबरदस्त गिरावट आई है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर आज सोमवार दोपहर चांदी का भाव 10.48 फीसदी या 23,755 रुपये की भयंकर गिरावट के साथ 2,03,017 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा। चांदी का वायदा भाव 2 मार्च को एमसीएक्स पर 2,78,481 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह चांदी कीमत में सिर्फ 21 दिन में 75,464 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आ चुकी है। यह करीब 27 फीसदी की गिरावट है।
53 दिन में 2,36,320 रुपये सस्ती हुई चांदी
एमसीएक्स पर चांदी ने 29 जनवरी 2026 को 4,39,337 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल-टाइम हाई बनाया था। इस स्तर से चांदी का भाव 2,36,320 रुपये टूट चुका है। यह करीब 54 फीसदी की गिरावट है। वहीं, एमसीएक्स पर सोने ने 29 जनवरी को 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। इस स्तर से सोना 63,087 रुपये टूट गया है। यह करीब 33 फीसदी की गिरावट है। यह तेज गिरावट वैश्विक स्तर पर बने “रिस्क-ऑफ” माहौल को दर्शाती है।
क्यों आई सोने-चांदी में गिरावट?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि यह गिरावट विभिन्न एसेट क्लासेस में भारी बिकवाली के कारण आई है, जिसमें दुबई का रियल एस्टेट बाजार, क्रिप्टोकरेंसी और शेयर बाजार शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त (हॉकिश) रुख, जिसमें 2026 में सीमित रेट कट और यहां तक कि ब्याज दर बढ़ाने की संभावना जताई गई है, ने डॉलर को मजबूत किया है। इससे सोना-चांदी जैसे बिना ब्याज वाले निवेश (नॉन-यील्डिंग एसेट्स) कम आकर्षक हो गए हैं।’




