
भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। दशकों से बदहाल पड़े शहर के सबसे बड़े पार्क गांधी पार्क का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही रूद्रपुर पहुंचकर गांधी पार्क के सौदंर्यीकरण सहित करोड़ों के विकास कार्यो का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण की योजना को धरातल पर उतारने के लिए शुक्रवार को महापौर विकास शर्मा ने जिला विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ साैंंदर्यीकरण की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा करते हुए रूपरेखा तैयार की।

महापौर विकास शर्मा ने मुख्य नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव जयकिशन, उपाध्यक्ष पंकज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारियों के साथ गांधी पार्क स्थलीय निरीक्षण करते हुए गांधी पार्क के साैंदर्यीकरण की कार्ययोजना पर चर्चा की। इस दौरान विकास शर्मा ने कहा कि चुनाव से पूर्व उन्होंने गांधी पार्क को आकर्षक पार्क के रूप में तब्दील करने का वायदा किया था, जल्द ही अब यह वायदा पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी पार्क को सजाने और संवारने के लिए नगर निगम ने जिला विकास प्राधिकरण के साथ एमओयू साईन किया है। जिसके तहत गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनायी जा रही है। आने वाले दिनों में गांधी पार्क नये कलेवर में नजर आयेगा।
गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण करने के लिए इसे हरा भरा बनाने के साथ ही वॉकिंग के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाया जायेगा ताकि इसमें बूढ़े बच्चे और नौजवान सुबह शाम के समय आसानी से रनिंग और जॉगिंग कर सकें। गांधी पार्क को सिर्फ पार्क के रूप में सजाया जायेगा। गांधी पार्क के आधे हिस्से को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित किया जायेगा जबकि आधे हिस्से में ओपन जिम, योगा, मेडिटेशन और बच्चों के लिए मनोरंजक झूले आदि की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि दशकों से बदहाल पड़े इस पार्क को इस तरह संवारा जायेगा कि लोग फुर्सत में समय बिताने के लिए परिवार के साथ यहां आ सके। गांधी पार्क में तीन लेयर पेड़ लगाये जायेंगे साथ ही सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल को और ऊंचा किया जायेगा। इसके अलावा गांधी पार्क में तीन आकर्षक नये गेट लगाये जायेंगे। रात के समय गांधी पार्क में रोशनी के पुख्ता इंतजाम होंगे साथ ही गांधी पार्क की नियमित देख रेख का प्रबंध भी नगर निगम द्वारा किया जायेगा।
महापौर ने कहा कि गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण का पूरा लेआउट तैयार करने के बाद इसे शहर के व्यापारियों और आम जनता के सामने भी रखा जायेगा और गांधी पार्क के सम्बंध में जो भी बेहतर सुझाव आयेगा , उसे भी कार्ययोजना में शामिल किया जायेगा। महापौर ने कहा कि रूद्रपुर को स्मार्ट सिटी बनाने की शुरूआत गांधी पार्क से की जा रही है। गांधी पार्क के साथ ही कुछ और पार्को का भी सौंदर्यीकरण किया जाना है। जल्द ही सीएम पुष्कर सिंह धामी रूद्रपुर में करोड़ों के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करने आयेंगे। श्री शर्मा ने बताया कि सीएम धामी से मुलाकात के दौरान रूद्रपुर के कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर व्यापक चर्चा हुई है। सीएम धामी रूद्रपुर आकर शहरवासियों को बड़ी सौगात भी दे सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान देवभूमि व्यापार मण्डल जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, सुनील ठुकराल, मोहन तिवारी, धीरेन्द्र मिश्रा,गोपाल पटेल,रितेश मनोचा, चिराग कालरा, पारस चुघ, राजन राठौर, विनय बत्रा, सन्नी अरोरा आदि भी मौजूद रहे।