Friday, September 4, 2026

यहां सड़क हादसे में चार लोगों की हुई मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के मसूरी स्थित झड़ीपानी रोड के बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। सुबह कंट्रोल रूम के जरिए हादसे की जानकारी मिलने के बाद थाना मसूरी की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना से कुछ समय पहले कार सवार पास की एक दुकान से सामान खरीदने के लिए रुके थे। बातचीत के दौरान उन्होंने खुद को उत्तरकाशी का निवासी बताया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामान खरीदने के बाद जैसे ही सभी लोग वाहन में बैठे, कार तेज ढलान की ओर बढ़ने लगी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार एक खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद और संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। बचाव दल ने चारों शवों को खाई से बाहर निकाल लिया है।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल पर थाना मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी तथा पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौजूद रहे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.