Saturday, September 5, 2026

यहां तीन मंजिला इमारत गिरी , मलबे में दबने से चार मजदूरों की मौत

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। अवैध रूप से ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला हुकुम सिंह गांव में बन रही तीन मंजिला बिल्डिंग गिर गई. यह हादसा बुधवार सुबह हुआ, जिसमें करीब 10 मजदूर मलबे में दब गए. इस हादसे में चार मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई. इन चारों शवों को देर रात रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए. वहीं, तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में इलाज जारी है.

यह तीन मंजिला इमारत अवैध रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिसूचित क्षेत्र में बनाई जा रही थी, जो लेंटर की शटरिंग खोलने के दौरान अचानक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. लेंटर गिरने से नीचे की दोनों मंजिलें भी ध्वस्त हो गईं. NDRF और पुलिस की टीमों ने देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी मजदूरों को बाहर निकाला.

लेंटर की शटरिंग खोलते ही ढही पूरी इमारत

स्थानीय निवासी महावीर सिंह अपने खेत में तीन मंजिला इमारत का निर्माण करा रहे थे. बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे तीसरी मंजिल के लेंटर की शटरिंग खोली जा रही थी. इसी दौरान लेंटर अचानक नीचे गिर गया, जिससे नीचे की दोनों मंजिलें भी एक साथ ढह गईं. निर्माण कार्य के दौरान वहां मौजूद करीब 10 मजदूर मलबे के नीचे दब गए.

आवाज सुनकर पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू करने की कोशिश की, लेकिन भारी मलबे के कारण सफलता नहीं मिली. सूचना पर रबूपुरा पुलिस के साथ एनडीआरएफ की दो टीमें भी पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया.

चार मजदूरों की मौत, तीन गंभीर

हादसे में जीशान (22), शाकिर (24), कालू उर्फ कामिल (28) और नदीम (22) की मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल मजदूरों को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. उधर, जिला ललितपुर के रहने वाले पांच अन्य मजदूर भी उसी इमारत में काम कर रहे थे. हादसे में उन्हें हल्की चोटें आईं और वे घटना के बाद वहां से चले गए. पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है.

भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

राहत कार्य के दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. भीड़ रेस्क्यू में बाधा न बने इसके लिए पुलिस ने लोगों को दूर रखा. इससे नाराज होकर कुछ मजदूरों के परिजन गेट तोड़ने के प्रयास में भी जुटे, लेकिन पुलिस ने हालात को संभाल लिया. NDRF की दोनों टीमें रात भर मलबा हटाने और मजदूरों को निकालने में लगी रहीं.

निर्माण पर पहले से थी रोक

यह पूरा क्षेत्र नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिसूचित क्षेत्र में आता है, जहां किसी भी प्रकार के नए निर्माण पर रोक है. इसके बावजूद गांव में अवैध तरीके से भवन निर्माण किया जा रहा था. रबूपुरा कोतवाली प्रभारी सुजीत उपाध्याय के अनुसार, प्रशासन ने अवैध निर्माण और लापरवाही के मामले में जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.