Friday, September 4, 2026

पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का आकस्मिक निधन हो गया है. उनके निधन से उत्तराखंड कांग्रेस और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है. हीरा सिंह बिष्ट जमीनी स्तर के नेता माने जाते थे, उन्होंने अपने जीवन काल में श्रमिकों और मलिन बस्ती वासियों के हितों को लेकर लगातार संघर्ष किया.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट के निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार रात लगभग डेढ़ बजे के आसपास उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, इसके बाद उन्हें उनके परिजन ईस्ट कैनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, लेकिन उनका निधन हो गया. हीरा सिंह बिष्ट एनडी तिवारी सरकार में परिवहन श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

हीरा सिंह बिष्ट कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता थे. उन्होंने लंबे समय तक इंटक के प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार भी संभाला और श्रमिकों के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया. उन्होंने लंबे समय तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई. उनके निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख जताया है. हीरा सिंह बिष्ट सेवक आश्रम रोड में रहते थे, उनके निधन की खबर सुनकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का उनके आवास में आने का सिलसिला शुरू हो गया है. बिष्ट के करीबी रहे हिमांशु ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार नालापानी श्मशान घाट में किया जाएगा.

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.