Friday, September 4, 2026

पहले मृत दिखाया, फिर बंधक बनाकर हड़पी पुश्तैनी जमीन, पुलिस पर भी लगे गंभीर आरोप

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। मानसिक रूप से अस्वस्थ और लापता व्यक्ति को पहले मृत घोषित करने तथा बाद में उनकी करोड़ों रुपये मूल्य की आठ बीघा पुश्तैनी जमीन कथित रूप से हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पुत्र ने एक व्यक्ति एवं पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम अहमदनगर निवासी जसबीर सिंह के अनुसार उनके मानसिक रूप से अस्वस्थ पिता अमरजीत सिंह 8 नवंबर 2025 को लापता हो गए थे, जिसकी गुमशुदगी थाना जसपुर में दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि बाद में मिले एक अज्ञात शव को उनके पिता का शव बताकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच की मांग की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान अधिकारियों की कथित मिलीभगत से अमरजीत सिंह की करीब आठ बीघा पुश्तैनी जमीन का बैनामा मुजफ्फर हुसैन के नाम करा दिया गया। इसके बाद कथित रूप से फर्जी बैंक लेनदेन दर्शाकर दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई।

जसबीर सिंह का कहना है कि उन्होंने पहले ही उपनिबंधक को लिखित रूप से अपने पिता की मानसिक स्थिति और जमीन हड़पे जाने की आशंका से अवगत कराया था। इसके बावजूद कथित रूप से भूमि का हस्तांतरण कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता आज भी कथित आरोपी के कब्जे में बंधक हैं। परिवार जब उनसे मिलने की मांग करता है

तो पुलिस समझौते का दबाव बनाती है।

पीड़ित ने पुलिस के उस दावे पर भी सवाल उठाया है, जिसमें अमरजीत सिंह को परिजनों के सुपुर्द किए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने इस दावे की सत्यता की जांच के लिए संबंधित थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर उसकी जांच कराने की मांग की है।

पीड़ित ने डीएम और एसएसपी से अपने पिता की सकुशल बरामदगी, कथित फर्जी भूमि हस्तांतरण की निष्पक्ष जांच तथा पूरे प्रकरण में शामिल दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.