भोंपूराम खबरी,हल्द्वानी। “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊं पुलिस को बुधवार को एक और बड़ी सफलता मिली। रेंज एसओटीएफ टीम और थाना वनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला तस्कर को 39.58 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” विजन को साकार करने के लिए कुमाऊं पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। आईजी कुमाऊं रिधिम अग्रवाल के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
बुधवार को रेंज एसओटीएफ टीम और वनभूलपुरा पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अली मस्जिद के पास नाले किनारे बंद गली में पुलिस ने राबिया पत्नी फहीम उर्फ बबलू निवासी वनभूलपुरा को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 39.58 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
थाना वनभूलपुरा में आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला स्मैक कहां से लाती थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करती थी।
संयुक्त टीम में उप निरीक्षक मनोज यादव और कांस्टेबल दिलशाद अहमद समेत एसओटीएफ व थाना पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे।
आईजी कुमाऊं रिधिम अग्रवाल ने कहा, “नशा मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को पूरा करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।”




