भोंपूराम खबरी, रूद्रपुर। वार्ड नंबर 31 में बिजली विभाग के एक कर्मचारी द्वारा क्षेत्रवासियों को कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित लाइनमैन को वार्ड से हटा दिया गया है। इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाने वाले वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सचिन मुंजाल ने इसे वार्ड नंबर 31 की जनता की जीत बताया है।
सचिन मुंजाल ने कहा कि पिछले कुछ समय से वार्ड के कई परिवार संबंधित कर्मचारी के व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर परेशान थे। क्षेत्रवासियों की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने मामले को विधायक शिव अरोड़ा के समक्ष उठाया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई हुई और संबंधित लाइनमैन को वार्ड से हटा दिया गया।
मुंजाल ने कहा कि यह केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे वार्ड नंबर 31 की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मनमानी के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
उन्होंने विधायक शिव अरोड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए तत्काल पहल की। मुंजाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है।
उन्होंने वार्ड नंबर 31 के सभी क्षेत्रवासियों को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और जनता के अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।




