Tuesday, November 17, 2026

अब निजी स्कूलों की मनमानी पर लगेगी लगाम, शिक्षा विभाग ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,देहरादून। प्रदेश में निजी विद्यालयों की मनमानी पर लगाम लगाने और शिक्षा संबंधी सूचनाओं की सरल उपलब्धता के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। निजी स्कूलों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु टोल फ्री नंबर 1800 180 4275 जारी कर दिया गया है। इस नंबर पर अभिभावक निजी विद्यालयों से जुड़ी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने एक नई वेबसाइट schooleducation.uk.gov.in का भी शुभारंभ किया है। यह वेबसाइट अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों के लिए शिक्षा से संबंधित सभी जानकारियां एक ही स्थान पर प्रदान करेगी। प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में दोनों सुविधाओं का शुभारंभ किया।

डॉ. रावत ने बताया कि निजी स्कूलों द्वारा शुल्क वृद्धि, महंगी ड्रेस और किताबें थोपने जैसी समस्याओं को देखते हुए विभाग ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। इस नंबर पर अभिभावक सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कॉल कर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। निदेशालय स्तर पर शिकायतों का मूल्यांकन कर संबंधित जिलों के अधिकारियों को निस्तारण के लिए भेजा जाएगा। नई वेबसाइट को सुरक्षित और सुलभ बनाने के लिए इसे आईटीडीए के मानकों के अनुसार विकसित किया गया है। यह वेबसाइट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे शिक्षा विभाग की सभी सूचनाएं और नियमावलियां एक क्लिक में हासिल की जा सकती हैं। वेबसाइट पर वरिष्ठता सूची, अशासकीय विनिमय और स्थानांतरण अधिनियम जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई गई हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.