भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। उत्तराखण्ड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। रुद्रपुर से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां इंद्रा चौक पर आज मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एक ओवरलोडेड डंपर ने बाइक सवार व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी।
जानकारी के मुताबिक श्याम टॉकिज निवासी 50 वर्षीय सुरेन्द्र सिंह एसपी सोलमेंट कंपनी में काम करते थे। आज दोपहर को वह लंच करने घर आए थे, जब वापसी में वह कंपनी की तरफ जा रहे थे, तभी इंद्रा चौक पर एक ओवरलोडेड डंपर ने उनकी बाइक को बुरी तरह कुचल दिया। बताया जाता है कि वह बाइक पर पीछे बैठे थे और डंपर के नीचे आ गए। हादसा इतना भयानक था कि शव के चीथड़े उड़ गए। इस दौरान मौके का मंजर देख हर कोई सहम गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर सूचना पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शहर में बेधड़क चल रहे ओवडलोडेड वाहनों पर सवाल उठाए और शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।




