भोंपूराम खबरी। देहरादून स्थित सचिवालय में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की अहम बैठक शुरू हो गई है। यह बैठक कई मायनों में खास मानी जा रही है, क्योंकि नए वित्तीय वर्ष में यह पहली और मंत्रिमंडल विस्तार के बाद दूसरी बड़ी बैठक है।
देशभर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर चल रही सियासी बहस के बीच उत्तराखंड सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ा कदम उठा सकती है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य की नई महिला नीति को मंजूरी देने पर चर्चा हो रही है, जिसे सरकार एक मजबूत सामाजिक संदेश के रूप में पेश करना चाहती है।
हाल ही में राज्य सरकार ने विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया था। अब इस प्रस्ताव को राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजने संबंधी प्रक्रिया पर भी कैबिनेट में सहमति बन सकती है। यह कदम राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है।
चारधाम यात्रा और आगामी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने बसों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। संभावना है कि करीब 200 नई बसों की खरीद को मंजूरी मिल सकती है, जबकि विभाग ने कुल 700 से अधिक बसों की आवश्यकता जताई पर्यटकों के घूमने-फ़िरने की जगहें बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर भी चर्चा हो रही है।
सरकार इन क्षेत्रों में सुधार और संसाधनों के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
इस बैठक को सरकार के आगामी एजेंडे की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। फैसलों के जरिए जहां एक ओर विकास योजनाओं को गति देने का प्रयास होगा, वहीं सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी इसका असर दिखाई देगा।




