Friday, September 4, 2026

भारत की पहली स्कूल शूटिंग प्रीमियर लीग में उत्तराखण्ड के एकमात्र अंडर-19 खिलाड़ी धैर्य डांगी का चयन, मुंबई टाइटन्स ने ऑक्शन में किया शामिल

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर। दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर उत्तराखण्ड के युवा एवं प्रतिभाशाली निशानेबाज धैर्य डांगी ( कक्षा बारहवी) ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारत की पहली स्कूल शूटिंग प्रीमियर लीग (School Shooting Premier League-SSPL) के 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-19 वर्ग में उत्तराखण्ड के एकमात्र खिलाड़ी के रूप में चयनित होने का गौरव प्राप्त किया है। 21 जुलाई की रात्रि को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित भव्य ऑक्शन में अधिकतम बोली लगाकर मुंबई टाइटन्स फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।

भारत की पहली स्कूल शूटिंग प्रीमियर लीग में उत्तराखण्ड के एकमात्र अंडर-19 खिलाड़ी धैर्य डांगी का चयन, मुंबई टाइटन्स ने ऑक्शन में किया शामिल

इस प्रतिष्ठित लीग में देश की आठ फ्रेंचाइज़ी टीमें—मुंबई टाइटन्स, यूपी लेजेंड्स, हरियाणा डिफेंडर्स, जयपुर रॉयल्स, ओडिशा हॉक्स, बेंगलुरु बुल्स आई, बंगाल नाइट्स एवं दिल्ली हीरोज—भाग ले रही हैं। लीग का उद्देश्य देश के उभरते हुए स्कूली निशानेबाजों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना तथा शूटिंग खेल को नई पहचान देना है।

इस लीग के लिए अक्टूबर 2025 से देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों में चयन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं के आधार पर प्रत्येक कैटेगरी में पूरे देश से केवल 25 श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया। इसके उपरांत आयोजित ऑक्शन में प्रत्येक टीम ने इन 25 खिलाड़ियों में से दो-दो खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। ऐसे प्रतिस्पर्धी चयन में धैर्य डांगी का चयन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।

धैर्य डांगी दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के छात्र हैं। विद्यालय परिसर में स्थापित आधुनिक शूटिंग रेंज में ही वे नियमित अभ्यास करते हैं। विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्कृष्ट खेल वातावरण और सुविधाओं ने उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

धैर्य इससे पूर्व भी राज्य, जोनल एवं राष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीत चुके हैं। हाल ही में मई 2026 में आयोजित इंटर डीपीएस राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने 400 में से 392 अंकों का रिकॉर्ड स्कोर बनाकर व्यक्तिगत स्वर्ण पदक तथा टीम स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उनकी उपलब्धियों ने उन्हें देश के उभरते हुए युवा निशानेबाजों की अग्रिम पंक्ति में स्थापित किया है।

धैर्य की माता एवं बहन भी राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज हैं तथा विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अनेक पदक जीत चुकी हैं। उनके पिता श्री भरत सिंह डांगी वर्तमान में सिंचाई विभाग, रुद्रपुर में अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने प्रारम्भ से ही धैर्य को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया है।

धैर्य की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक श्री नकुल चौधरी का विशेष योगदान रहा है। उनके कुशल मार्गदर्शन, तकनीकी दक्षता एवं निरंतर प्रशिक्षण ने धैर्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर उनके प्रति विशेष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।

डांगी परिवार ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर एवं प्रधानाचार्य श्री चेतन चौहान के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय आधुनिक अधोसंरचना एवं 14 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें अत्याधुनिक शूटिंग रेंज सहित विभिन्न खेलों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण की व्यवस्था है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन तथा हरसंभव सहयोग प्रदान करने की विद्यालय की प्रतिबद्धता ही धैर्य डांगी जैसी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए सशक्त मंच प्रदान कर रही है। विद्यालय प्रबंधन ने धैर्य डांगी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी देश, प्रदेश एवं विद्यालय का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाते रहेंगे।

धैर्य डांगी के इस ऐतिहासिक चयन पर खेल प्रेमियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं जनपदवासियों में हर्ष का वातावरण है। सभी ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए आगामी स्कूल शूटिंग प्रीमियर लीग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखण्ड और देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दी हैं।.

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.