Friday, September 4, 2026

यहां श्रद्धालुओं की बाइक फिसली, एक की मौत; एक घायल

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,चमोली।  उत्तराखंड के चमोली जिले में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे सिख श्रद्धालुओं के साथ एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नंदप्रयाग क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे एक 19 वर्षीय श्रद्धालु की मौके पर ही गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरा श्रद्धालु मामूली रूप से घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के करनाल निवासी दो सिख श्रद्धालु बुधवार अपराह्न हेमकुंड साहिब की यात्रा पूरी कर बाइक से वापस लौट रहे थे। जब वे नंदप्रयाग के बगड़ चौराहा के समीप पहुंचे, तभी अचानक उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े।

दुर्घटना में सेर बाबा (19), निवासी करनाल, हरियाणा के सिर पर गंभीर चोट लगी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल युवक को निजी वाहन से जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, बाइक पर सवार दूसरे श्रद्धालु गुरनाम सिंह को हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक के अचानक फिसलने को माना जा रहा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे श्रद्धालु की असमय मौत से परिजनों में शोक की लहर है। यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता की याद दिलाता है।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.