Friday, September 4, 2026

यहाँ होटल के कमरे से महिला टूरिस्ट का शव मिला, पति समेत दो साथी फरार

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में घूमने आई एक महिला टूरिस्ट का शव होटल के कमरे के अंदर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय की है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान काजल (31) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के कैथल की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार काजल शुक्रवार (6 मार्च) को अपने पति और एक अन्य युवक के साथ रुद्रप्रयाग घूमने आई थी। तीनों शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम तक कमरे में कोई हलचल नहीं होने और दरवाजा अंदर से बंद रहने पर होटल मालिक को शक हुआ। इसके बाद उसने खिड़की से झांककर देखा तो महिला कमरे के अंदर बेसुध पड़ी दिखाई दी।

होटल मालिक ने तुरंत इसकी सूचना रुद्रप्रयाग कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर महिला के शव को कब्जे में ले लिया।

होटल के रिकॉर्ड के अनुसार महिला के साथ दो पुरुष भी ठहरे हुए थे, जिनमें से एक उसका पति बताया जा रहा है। घटना के बाद से दोनों ही व्यक्ति होटल से फरार हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के फरार होने से मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।

कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग और नाकाबंदी शुरू कर दी है।

पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। वहीं महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.