भोंपूराम खबरी,लालकुआ। नगर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कार पार्किंग में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार के भीतर युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर सिविल पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी कार संख्या UK02TA3059 के भीतर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना पार्किंग ठेकेदार एवं भाजपा नेता विनोद श्रीवास्तव ने पुलिस और जीआरपी को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार का निरीक्षण किया, जहां व्यक्ति मृत मिला।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान मदन राम (42 वर्ष) पुत्र निवासी ग्राम आरे, थाना एवं जिला Bageshwar के रूप में हुई। मृतक वर्तमान में दमुवाढूंगा क्षेत्र में रह रहा था और टैक्सी चालक बताया जा रहा है। बताया गया कि उसके परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा, जीआरपी Kathgodam के प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह कोरंगा तथा आरपीएफ के उप निरीक्षक रणवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया।




