

भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर।

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 31 में विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर पार्षद पति सचिन मुंजाल का आक्रोश फूट पड़ा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्य नहीं शुरू हुए, तो आंदोलन किया जाएगा।
सचिन मुंजाल ने सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों पर नगर निगम की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, “मैंने नगर निगम के ग्रुप में वार्ड में हो रही उपेक्षा को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। यदि सुनवाई नहीं हुई तो मैं सख्त कदम उठाने को मजबूर हो जाऊंगा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारी वार्ड में दोपहर के समय कोई काम नहीं करते। “आपकी नजर में कर्मचारी ड्यूटी पर हैं, लेकिन वार्ड में कुछ होता नहीं है। कोई टीम भेजकर सर्वे करवा लें, हालात खुद बयां कर देंगे,” उन्होंने मेयर को संबोधित करते हुए कहा।
मुन्जाल ने नालियों की साफ-सफाई, सड़कों पर झाड़ू न लगने और स्ट्रीट लाइट खराब होने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा, “लाइट ठीक करवाने की कई बार मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वार्डवासियों की नजर में हम जिम्मेदार ठहराए जाते हैं, जबकि नगर निगम मौन है।”
उन्होंने सवाल किया कि क्या वार्ड 31 को जानबूझकर विकास से वंचित किया जा रहा है। “यदि किसी ने वार्ड में कार्य न करने का आदेश दिया है, तो उसकी पुष्टि की जाए।” उन्होंने इस मामले में नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल से हस्तक्षेप की मांग भी की है।
उन्होंने अंत में कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो वे जनता के साथ मिलकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।