भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। नगर कांग्रेस कमेटी ने स्वतंत्रता दिवस का पर्व धूमधाम से मनाया। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता भगत सिंह चौक पहुंचे, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर गोपाल भसीन, अजय सिंह, नत्थू लाल कोली, हाजी नबी राजा, देवेंद्र शाही, जगबीर सिंह, लव कुश, बाबू मंसूरी, राधेश्याम बंसल, ममता रानी और राजकुमार ठुकराल ने ध्वजारोहण कर देश के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता रानी ने कहा कि देश की आजादी के लिए हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की बदौलत आज देशवासी आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं।
ममता रानी ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है । उन्होंने युवा पीढ़ी से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में आगे बढ़ने का आह्वान किया।




