Saturday, September 5, 2026

शहरवासियों को आवारा पशुओं से जल्द मिलेगी राहतः महापौर

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रुद्रपुर। लंबे समय से शहरवासियों को परेशान कर रही आवारा पशुओं की समस्या से अब लोगों को जल्द निजात मिलने जा रही है। इसके लिए महापौर विकास शर्मा द्वारा किये गये प्रयास अब सार्थक होने जा रहे है। नगर निगम द्वारा लंबा खेड़ा क्षेत्र में विकसित की जा रही गौशाला का निर्माण अब अंतिम चरण में पहुँच चुका है और उम्मीद है कि जल्द ही शहर में घूमते आवारा पशुओं को यहां सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।

मंगलवार को महापौर विकास शर्मा ने नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे और निगम के अन्य अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और पशुओं के लिए किए जा रहे इंतज़ामों का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि गौशाला का निर्माण तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि शहर में दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था की वजह बन रहे आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि फिलहाल पहले चरण में एक बड़ा शेड लगभग तैयार हो चुका है, जिसमें करीब 80 पशुओं को रखने की क्षमता है। आने वाले दो चार दिनों में इसका कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद शहर में घूमते पशुओं को यहां शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क पर बढ़ते हादसों और आवागमन में रुकावट की समस्या से नागरिक लंबे समय से जूझ रहे थे और इस गौशाला के शुरू होने से लोगों को इन परेशानियों से काफी हद तक निजात मिलेगी।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से रुद्रपुर क्षेत्र में यह पहली आधुनिक गौशाला स्थापित की जा रही है। लगभग छह एकड़ भूमि में विकसित हो रही यह गौशाला आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी। यहां पशुओं के लिए खुले और स्वच्छ वातावरण की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें विशिष्ट शेड, चारे के भंडारण हेतु भवन, चिकित्सा सुविधा और साफ सफाई के लिए विशेष प्रबंध शामिल है। महापौर ने इस बात पर भी जोर दिया कि गौ सेवा एक पुण्य कार्य है और इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण से लेकर संचालन तक हर स्तर पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि गौशाला का निर्माण उनकी चुनावी प्राथमिकताओं में शामिल था, जिसकी घोषणा उन्होंने अपने प्रचार के दौरान की थी। अब यह संकल्प पूरा होने जा रहा है और बहुत जल्द गौशाला का औपचारिक लोकार्पण संत महापुरुषों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि गौशाला का संचालन केवल औपचारिकता के लिए नहीं बल्कि सेवा-भाव से किया जाएगा। समाजसेवियों और गौभक्तों को भी इसमें सहभागी बनाया जाएगा ताकि यह स्थान गौ सेवा का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरे। भविष्य में लोगों को प्रेरित किया जाएगा कि वे अपने जन्मदिवस या किसी अन्य शुभ अवसर पर गौशाला में सेवा कार्य कर इसे विशिष्ट बनाएं। महापौर ने कहा कि लंबा खेड़ा में बन रही यह गौशाला न केवल आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय बनेगी बल्कि शहर के लोगों को ट्रैफिक अव्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य समस्याओं से भी राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, महामंत्री पारस चुघ, कुलबीर सिंह, अंकुश गुंबर, नितिन सुखीजा, पार्षद चिराग कालरा, जितेंद्र चौहान, हमजा खान, ललित कश्यप सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.