Saturday, September 5, 2026

खटीमा रेंज में अवैध पेड़ कटान से हड़कंप, जांच में 16 पेड़ों की पुष्टि

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। खटीमा रेंज के लाल कोठी नाखाताल बीट में अवैध पेड़ कटान का मामला सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में बीट कर्मचारी आनंद कुमार द्वारा उच्च अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

आनंद कुमार का आरोप है कि उन्होंने जंगल में लगातार हो रहे पेड़ कटान की जानकारी समय-समय पर उच्च अधिकारियों को दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उन्हें नौकरी से हटा दिया गया।

शिकायत के बाद डीएफओ हिमांशु बागड़ी ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की। प्रारंभिक जांच में 16 पेड़ों के अवैध कटान की पुष्टि होने की बात सामने आई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पूरे मामले में केवल छोटे कर्मचारियों की ही नहीं, बल्कि उच्च स्तर पर भी भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि यदि जंगल में इतना बड़ा अवैध कटान हो रहा था तो जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। मामले को लेकर विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है।

सूत्रों के अनुसार, यदि जांच बाहरी एजेंसी से कराई जाती है तो पेड़ों की संख्या 16 से अधिक भी सामने आ सकती है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या इसमें केवल निचले स्तर के कर्मचारी ही दोषी हैं या अन्य अधिकारी भी शामिल हैं।

डीएफओ हिमांशु बागड़ी ने कहा कि मामले की जानकारी समय पर नहीं दी गई थी, जिसके चलते फॉरेस्ट गार्ड को सस्पेंड और फॉरेस्टर को अटैच किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.