भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही एक कार सिरतोली के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रही अद्वैत आश्रम मायावती लोहाघाट की एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल उपजिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। बाद में दोनों शवों का लोहाघाट में पोस्टमार्टम कराया गया।
कानाकोट – सिरतोली मार्ग पर हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे कार संख्या UK 04-6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही थी। कार जैसे ही विकासखंड पाटी के कानाकोट-सिरतोली मार्ग पर सिरतोली के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी ।
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव के प्रयास शुरू किए गए।
इसी दौरान अद्वैत आश्रम मायावती लोहाघाट की एंबुलेंस वहां से गुजर रही थी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए उपजिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के अनुसार दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम लोहाघाट में किया गया।
हादसे में वाहन स्वामी समेत दो की मौत हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कमल सिंह बोहरा (58) पुत्र रघुवर सिंह निवासी कानाकोट और बबलू चौधरी (38) पुत्र गंगा चौधरी निवासी वार्ड नंबर 18, बगही बकुलिया टोला, डाकघर बगही रतनपुर, थाना बैरिया, पश्चिमी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है।
सामान खरीदने लोहाघाट जा रहे थे दोनों स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों लोग लोहाघाट में सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सिरतोली के पास यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर सड़क काफी संकरी है।
जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा के मुताबिक हादसे के समय सड़क से एंबुलेंस गुजर रही थी और उसे रास्ता देते समय कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, घरों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई।
एक ही हादसे में दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने हादसे पर दुख जताते हुए संकरे सड़क मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना की परिस्थितियों और वाहन के अनियंत्रित होने की वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




